__ नई बाजार मठिया मोड़ पर कहासुनी के बाद जमकर मारपीट, कई घायल; एक की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
केटी न्यूज/बक्सर।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नई बाजार मठिया मोड़ के समीप रविवार की रात बारात में शामिल लोगों और स्थानीय युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में कई बाराती घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।मिली जानकारी के अनुसार, सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव से एक बारात बक्सर आई थी। इसी दौरान बारात में शामिल कुछ लोग नई बाजार मठिया मोड़ के पास पहुंचे और वहां मौजूद दो युवकों से मैरेज हॉल जाने का रास्ता पूछने लगे।

बताया जाता है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बारातियों की ओर से गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के बाद मामला और बिगड़ गया। देखते ही देखते स्थानीय लोग भी जुट गए और बारातियों के साथ मारपीट होने लगी।इस हिंसक झड़प में बलिहार गांव निवासी परविंदर उर्फ करिया सिंह (45), पिता स्व. गजाधर सिंह तथा राजा सिंह, पिता मुना सिंह समेत कई लोग घायल हो गए। परविंदर के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल परविंदर को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना के बाद सोमवार को घायल बाराती शिकायत लेकर मुफस्सिल थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।