केटी न्यूज/नावानगर
प्रतिभा को सम्मान और शिक्षा को अनुभव से जोड़ने की पहल के तहत एमडीजे पब्लिक स्कूल सोनवर्षा एवं एमडीजे गर्ल्स पब्लिक स्कूल ने अपने मेधावी विद्यार्थियों को अनूठा तोहफा दिया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से चयनित छात्र-छात्राओं को बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं वैज्ञानिक स्थलों के भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया है। रविवार को दो दिवसीय निःशुल्क शैक्षणिक यात्रा पर विद्यार्थियों का जत्था रवाना हुआ। इस पहल को पढ़ाई के साथ प्रतिभा प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक डॉ. नंदकुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि बच्चों को अपने इतिहास, संस्कृति और वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराना भी है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा बढ़ती है और किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर मिलता है। प्राचार्य एके घोष ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। इस यात्रा में विद्यार्थी पटना, राजगीर, बोधगया और सासाराम के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे। गोलघर, पटना चिड़ियाघर, तारामंडल, बिहार संग्रहालय, शहीद स्मारक, श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, विश्व शांति स्तूप, महाबोधि मंदिर और शेरशाह का मकबरा उनके भ्रमण कार्यक्रम में शामिल हैं।

इन स्थलों के माध्यम से बच्चे बिहार की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और वैज्ञानिक विकास को करीब से समझ सकेंगे।खास बात यह है कि इस यात्रा का पूरा खर्च विद्यालय प्रबंधन उठा रहा है। इसमें परिवहन, भोजन और विभिन्न स्थलों के प्रवेश टिकट भी शामिल हैं। विद्यार्थियों का चयन तीन चरणों में आयोजित अंतरविद्यालयी बेसिक इंग्लिश स्कॉलर टेस्ट के फाइनल राउंड में कक्षा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने के आधार पर किया गया। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से विद्यार्थियों में मेहनत और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही अभिभावकों में भी खुशी है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।