धू-धू कर जला रावण, ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा कतिकनार

असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी का पर्व मंगलवार को केसठ प्रखंड सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कतिकनार गांव में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग जुटे।

धू-धू कर जला रावण, ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा कतिकनार

35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का हुआ दहन, हजारों की भीड़ उमड़ी; प्रशासन की चौकसी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन

केटी न्यूज/केसठ। 

असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी का पर्व मंगलवार को केसठ प्रखंड सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कतिकनार गांव में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग जुटे।

जैसे ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने धनुष से अग्निबाण छोड़ा, पटाखों की गूंज के बीच रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। पुतले के जलते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजायमान हो उठा। इस दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने लोगों को अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

__ प्रशासन रहा मुस्तैद, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन

कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार और सेक्टर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की सतर्कता के बीच रावण दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में द एमिटी स्कूल के निदेशक अमरेंद्र राजेश उपस्थित रहे। वहीं पूजा समिति के अध्यक्ष धीरज सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य धनराज, उपमुखिया दीपक सिंह, पूर्व मुखिया सोनू सिंह, संजय सिंह, पंकज सिंह, राजीव सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।