बेंगलुरू से ट्रेन से घर लौट रहे पूर्वी चंपारण के युवक का नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप एनएच 922 पर मिला शव

बेंगलुरु से घर लौट रहे पूर्वी चंपारण के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप युवक का शव मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है

बेंगलुरू से ट्रेन से घर लौट रहे पूर्वी चंपारण के युवक का नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप एनएच 922 पर मिला शव

__ ट्रेन से लौट रहे युवक की मौत की गुत्थी उलझी, एनएच-922 किनारे कैसे पहुंचा संतोष?

__ डुमरांव स्टेशन पर नहीं रुकती थी ट्रेन, फिर पांच किमी दूर सड़क किनारे मिला शव; हादसा, दूसरी वजह या साजिश, हर पहलू पर टिकी निगाहें

फोटो

केटी न्यूज/डुमरांव।

बेंगलुरु से घर लौट रहे पूर्वी चंपारण के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप युवक का शव मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेन से सफर कर रहा संतोष राम आखिर सड़क किनारे कैसे पहुंचा? डुमरांव स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर दूर शव मिलने और ट्रेन के वहां नहीं रुकने की जानकारी सामने आने के बाद मामले की परिस्थितियां और उलझ गई हैं। हालांकि, फिलहाल किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दनही गांव निवासी महादेव राम के 36 वर्षीय पुत्र संतोष राम के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु से दानापुर जाने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत कैसे हुई और वह एनएच-922 के किनारे किस परिस्थिति में पहुंचा, इसका जवाब फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिका है।

__ स्टेशन से दूरी ने बढ़ाई जांच की अहमियत

इस मामले में सबसे अहम पहलू शव मिलने का स्थान है। स्वजनों के मुताबिक, संतोष जिस संघमित्रा एक्सप्रेस से लौट रहा था, उसका डुमरांव स्टेशन पर ठहराव नहीं है। ऐसे में स्टेशन से लगभग तीन किलोमीटर दूर नया भोजपुर के समीप उसका शव मिलना कई सवाल पैदा करता है। क्या रास्ते में उसके साथ कोई अप्रत्याशित घटना हुई, या उसकी मौत के पीछे ट्रेनों में सक्रिय रहने वाला नशाखोर गिरोह या कोई दूसरी परिस्थिति रही? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा।

__ शुरुआत में अज्ञात था शव, स्वजनों ने की पहचान

शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पहचान के लिए तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके बाद पहुंचे स्वजनों ने शव की पहचान संतोष राम के रूप में की। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

युवक ने सफेद शर्ट पहन रखी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, केवल बाहरी स्थिति के आधार पर मौत की वजह तय नहीं की जा सकती।

नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल संतोष की मौत की गुत्थी अनसुलझी है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।