एनएच-922 पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को रौंद फरार हुआ अज्ञात वाहन

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ गया। गुरुवार की सुबह बड़का ढकाइच चौक के समीप सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग रामाश्रय दूबे को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

एनएच-922 पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को रौंद फरार हुआ अज्ञात वाहन

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ गया। गुरुवार की सुबह बड़का ढकाइच चौक के समीप सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग रामाश्रय दूबे को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस घटना ने एक बार फिर एनएच-922 पर बेलगाम रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।मृतक की पहचान बड़का ढकाइच गांव निवासी रामाश्रय दूबे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है, लेकिन अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इधर, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि इस व्यस्त चौक पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, बावजूद इसके न तो गति नियंत्रण के ठोस उपाय किए जा रहे हैं और न ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आगे किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।