शादी के दो दिन बाद मातम: तेज रफ्तार बाइक ने ली वृद्ध की जान, नवविवाहित दंपती समेत तीन गंभीर
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। रामपुर गांव के समीप हदहदवा पुल के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की टक्कर से साइकिल सवार करीब 75 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार नवविवाहित दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
__ परीक्षा दिलाने जा रहे थे दूल्हा-दुल्हन, पुल के पास बिगड़ा संतुलन, अज्ञात बुजुर्ग की मौके पर मौत, तीनों वाराणसी रेफर
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। रामपुर गांव के समीप हदहदवा पुल के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की टक्कर से साइकिल सवार करीब 75 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार नवविवाहित दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, मगराव गांव निवासी 21 वर्षीय विक्की कुमार अपनी नवविवाहिता पत्नी खुशी और साले अभिषेक निवासी नोनार, थाना रामगढ़ के साथ बाइक से रामगढ़ जा रहा था। बताया जाता है कि खुशी की स्नातक की परीक्षा चल रही थी, जिसे दिलाने के लिए वे घर से निकले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक हदहदवा पुल के समीप पहुंची, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे साइकिल सवार वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार तीनों लोग सड़क किनारे खाई में जा गिरे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा।ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।इस हादसे ने इलाके में गहरा शोक पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि विक्की कुमार की शादी महज दो दिन पहले ही हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां खत्म भी नहीं हुई थीं कि यह दर्दनाक हादसा हो गया। नई-नई शादी के बाद दुल्हन की परीक्षा और भविष्य की उम्मीदों के बीच यह घटना परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान के साथ-साथ हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

