अंडरपास के पास रफ्तार का कहर, ई-रिक्शा चालक की मौत
पुराना भोजपुर अंडरपास के समीप शनिवार को फोरलेन पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के स्टेयरिंग के बीच फंस गया।


__ रॉन्ग साइड से फोरलेन पर चढ़ना पड़ा भारी, अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से वाहन में ही फंसा रह गया चालक
केटी न्यूज/डुमरांव।
पुराना भोजपुर अंडरपास के समीप शनिवार को फोरलेन पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के स्टेयरिंग के बीच फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।मृतक की पहचान डुमरांव निवासी श्रीभगवान बहेलिया, पिता शिवनारायण बहेलिया के रूप में हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार को वह पुराना भोजपुर अंडरपास के दक्षिणी छोर से महाराजा कोठी की तरफ जा रहे थे। बताया जाता है कि वह रॉन्ग साइड से सर्विस लेन के रास्ते फोरलेन पर चढ़े। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में किसी भारी वाहन अथवा ट्रेलर की भूमिका हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डायल-112 की टीम और एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा से चालक के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के स्वजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

