__एसडीएम ने प्रखंड कार्यालय और महरौरा शिवजी तालाब का किया निरीक्षण
__ नगर परिषद को निर्माण व साफ-सफाई में तेजी लाने की हिदायत; श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
केटी न्यूज/डुमरांव।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर डुमरांव में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन ने घाटों की व्यवस्था के साथ ही पूरे शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित तालाब और महरौरा के शिवजी तालाब का भी जायजा लिया। दोनों स्थानों पर घाटों की स्थिति, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा गया।

इस दौरान कई कमियां सामने आने पर उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि छठ पर्व से पहले घाटों पर निर्माण, मरम्मत और सफाई से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में चिह्नित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया।प्रशासन की इस बार की तैयारी का दायरा केवल छठ घाटों तक सीमित नहीं है।

शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के इलाकों को भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। खासकर दूसरे प्रदेशों और महानगरों में रहने वाले लोगों के छठ पर्व पर घर लौटने को देखते हुए प्रशासन डुमरांव को बेहतर स्वरूप देने की कवायद में जुटा है। उद्देश्य है कि बाहर से आने वाले लोगों को शहर में प्रवेश करते ही पर्व का उत्साह और बेहतर व्यवस्था नजर आए।निरीक्षण के दौरान सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रधान सहायक दुर्गेश सिंह सहित नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।