सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में पहुंची मई माह की राशि, 1.14 लाख से अधिक लाभुकों को मिला लाभ
जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बुधवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मई माह की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए हस्तांतरित की।


__ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने किया डीबीटी हस्तांतरण, समाहरणालय सभाकक्ष में अधिकारियों व पेंशनधारियों ने देखा सीधा प्रसारण
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बुधवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मई माह की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए हस्तांतरित की। इस दौरान प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये की राशि भेजी गई।जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार बक्सर जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत बड़ी संख्या में लाभुकों को इस राशि का लाभ मिला।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 79,974 लाभार्थियों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 39,118 लाभार्थियों, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 15,227 लाभार्थियों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 4,844 लाभार्थियों, बिहार निशक्तता पेंशन योजना के 14,379 लाभार्थियों तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना के 955 लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की गई।राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर के सभाकक्ष में भी देखा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा बुनियाद केंद्र बक्सर के जिला प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। डीबीटी व्यवस्था लागू होने से पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।लाभार्थियों ने समय पर पेंशन राशि मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा भविष्य में भी लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

