गांव में ही मिला समाधान: चौसा के सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों लोगों को मिली राहत

सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर ग्रामीणों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। चौसा प्रखंड के रामपुर और जलीलपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में सैकड़ों ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

गांव में ही मिला समाधान: चौसा के सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों लोगों को मिली राहत

__ पेंशन से लेकर आवास योजना तक के मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा, अधिकारियों की मौजूदगी से बढ़ा लोगों का भरोसा

केटी न्यूज/बक्सर

सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर ग्रामीणों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। चौसा प्रखंड के रामपुर और जलीलपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में सैकड़ों ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शिविर में लोगों की भीड़ और अधिकारियों की सक्रियता ने यह साफ कर दिया कि गांव स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाने की पहल लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।पंचायत सरकार भवन रामपुर एवं पंचायत भवन जलीलपुर में आयोजित इस शिविर में कुल 415 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 225 मामलों का तत्काल निष्पादन कर लोगों को राहत दी गई।

सबसे अधिक आवेदन रामपुर पंचायत में आए, जहां 286 लोगों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। इनमें 160 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं जलीलपुर पंचायत में 129 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 65 मामलों का निष्पादन किया गया।शिविर में पेंशन, राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली कनेक्शन, दाखिल-खारिज, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, पशुपालन और आईसीडीएस से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीण पहुंचे। अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहने से लोगों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं उपलब्ध हुईं।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए उन्हें प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब पंचायत स्तर पर शिविर लगने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। कई लोगों को उसी दिन जरूरी प्रमाण पत्र और योजनाओं से संबंधित स्वीकृति मिलने से संतोष भी दिखा।शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री सह बक्सर के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इस दौरान जिलाधिकारी साहिला ने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शी व्यवस्था के तहत लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।शिविर में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, बीडीओ मनोज पासवान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों में भरोसा भी बढ़ा और कई लंबित मामलों को तेजी से निपटाया गया।