बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने मनाई 21वीं वर्षगांठ

बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति की 21वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय छठिया पोखर स्थित सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ रमेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन उमेश गुप्ता रौनियार ने किया।

बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति ने मनाई 21वीं वर्षगांठ

__ रेल मंत्रालय से मांगें पूरी नहीं होने पर अगस्त में डुमरांव स्टेशन पर धरना देने का निर्णय

केटी न्यूज/डुमरांव।

बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति की 21वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय छठिया पोखर स्थित सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ रमेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन उमेश गुप्ता रौनियार ने किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने रेल लाइन निर्माण की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।समिति के संस्थापक सह महासचिव उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 21 वर्ष पूर्व इसी दिन पौधारोपण कर समिति की स्थापना की गई थी। स्थापना दिवस के मौके पर उसी वृक्ष के नीचे केक काटकर वर्षगांठ की खुशी मनाई गई। उन्होंने कहा कि बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण की मांग को लेकर समिति लगातार दो दशक से अधिक समय से संघर्ष कर रही है, लेकिन अब तक रेल मंत्रालय द्वारा इस दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है।

संगोष्ठी में निर्णय लिया गया कि मांगों को लेकर बलिया, नियाजीपुर, भोजपुर, डुमरांव, कोरानसराय, रामपुर, केसठ, कतिकनार, भटौली, परमडीह, कोआथ, बिक्रमगंज, गोड़ारी, काराकाट, नासरीगंज होते हुए डिहरी तक मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जुलाई माह के अंत तक रेल मंत्रालय द्वारा मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया गया तो अगस्त माह में डुमरांव रेलवे स्टेशन पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।समिति ने रेल मंत्रालय से बलिया-डुमरांव-डिहरी रेल लाइन निर्माण के लिए जल्द राशि आवंटित करने की मांग की। इसके अलावा डुमरांव रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई गई।

इनमें पटना-कोटा एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, पटना-मुंबई जनता एक्सप्रेस, सुपौल-पुणे एक्सप्रेस, आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस तथा राजेंद्रनगर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।बैठक में स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। समिति ने प्लेटफार्म की ऊंचाई और लंबाई बढ़ाने, सिग्नल व्यवस्था में सुधार, यात्रियों के लिए शेड, पंखा, शुद्ध पेयजल, शौचालय और पेशाब घर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।कार्यक्रम में डॉ. एसके सैनी, श्याम नारायण राय, प्रदीप शरण, कैप्टन हरिशंकर सिंह, गोपाल गुप्ता, कमलेश गुप्ता, कृष्णकांत त्रिपाठी, विमलेश कुंवर सिंह, धीरज शर्मा, हरेंद्र कुमार शर्मा, अखिलेश केसरी, ऋषभ राज, कमलेश प्रसाद, कृष्णा कुमार, बिजली राम सहित कई लोग उपस्थित रहे।