लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत, सिमरी प्रखंड में विकास कार्यों की होगी सख्त निगरानी

सिमरी प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को प्रखंड सभागार में अध्यक्ष श्रीभगवान सिंह "त्यागी" की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत, सिमरी प्रखंड में विकास कार्यों की होगी सख्त निगरानी

केटी न्यूज/सिमरी

सिमरी प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को प्रखंड सभागार में अध्यक्ष श्रीभगवान सिंह "त्यागी" की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।बैठक में अंचल अधिकारी, सिमरी थाना प्रभारी, तिलक राय के हाता थाना प्रभारी, चिकित्सा प्रभारी, शिक्षा पदाधिकारी, क्षेत्रीय बैंक प्रबंधक और जीविका सहित कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया।बैठक के दौरान पिछले प्रस्तावों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

समिति के सदस्यों ने विभागवार जनता से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। विद्युत विभाग को जर्जर और नंगे तारों तथा खराब खंभों को शीघ्र बदलने का निर्देश दिया गया।सिमरी बाजार में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि विकास कार्यों में बाधा दूर हो सके।कृषि विभाग की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने और सभी योजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा हुई। वहीं बक्सर-कोईलवर तटबंध निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर निगरानी समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इसमें बीडीओ, सीओ, समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य शामिल होंगे।

जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर कम वजन राशन देने की शिकायतों पर सख्ती दिखाई गई। दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। श्रम और कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने की बात कही गई।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस चालक की अनुपस्थिति और एक मासूम की मौत के मामले पर समिति ने कड़ा रुख अपनाया। रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष सह बीडीओ को मामले का संज्ञान लेने को कहा गया।अध्यक्ष श्री त्यागी ने कहा कि अब प्रखंड के किसी भी विभाग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समिति समय-समय पर औचक निरीक्षण कर लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।