गैस आपूर्ति पर अफवाहों को लेकर प्रशासन सख्त, बिना ओटीपी भी मिलेगा सिलेंडर

बक्सर जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिन पूरे होने के बाद ही की जाएगी और निर्धारित समय पूरा होने पर उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के दूसरा सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

गैस आपूर्ति पर अफवाहों को लेकर प्रशासन सख्त, बिना ओटीपी भी मिलेगा सिलेंडर

-- जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई, एजेंसियों पर दंडाधिकारी व पुलिस की तैनाती

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिन पूरे होने के बाद ही की जाएगी और निर्धारित समय पूरा होने पर उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के दूसरा सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।प्रशासन ने लोगों की सुविधा को देखते हुए एक महत्वपूर्ण राहत भी दी है। अब अगले आदेश तक गैस वितरण के लिए ओटीपी अनिवार्य नहीं रहेगा। यानी उपभोक्ता बुकिंग के बाद बिना ओटीपी के भी गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा को कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है।

इसके साथ ही जिला प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि घरेलू (डोमेस्टिक) गैस सिलेंडर का उपयोग किसी भी प्रकार से व्यावसायिक कार्यों में नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति, एजेंसी या संस्था को घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी तथा कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या संस्थान पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।

अफवाहों और गलत सूचनाओं को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर व्हाट्सएप ग्रुपों पर साइबर टीम के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं गैस एजेंसियों पर पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव के निर्देश पर सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। प्रत्येक एजेंसी पर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक दंडाधिकारी की निगरानी में गैस सिलेंडर का वितरण कराया जाएगा।प्रशासन का कहना है कि जिला स्तर पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और समन्वय के साथ कार्रवाई की जा रही है।