मार्च क्लोजिंग में बिजली विभाग का बड़ा अभियान, 10 हजार से अधिक बकायेदारों के कट रहे कनेक्शन

मार्च क्लोजिंग के साथ ही बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूली को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस दौरान जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। अचानक शुरू हुए इस अभियान से क्षेत्र के बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।

मार्च क्लोजिंग में बिजली विभाग का बड़ा अभियान, 10 हजार से अधिक बकायेदारों के कट रहे कनेक्शन

__ छापेमारी से मचा हड़कंप, किस्तों में भुगतान की भी दी गई सुविधा

केटी न्यूज/डुमरांव

मार्च क्लोजिंग के साथ ही बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूली को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस दौरान जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। अचानक शुरू हुए इस अभियान से क्षेत्र के बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।कोरानसराय प्रशाखा क्षेत्र में विभाग ने ऐसे करीब 300 उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिनका बिजली बिल लंबे समय से बकाया है। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर इन उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है।

टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर बकायेदारों के घरों पर छापेमारी की जा रही है और बकाया राशि जमा नहीं करने वालों का बिजली कनेक्शन काटा जा रहा है।कोरानसराय प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन वर्मा के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नया भोजपुर के कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार, चौगाईं के कनीय विद्युत अभियंता शैलेश कुमार सहित अन्य अभियंताओं की टीम गठित की गई है। सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर बकायेदारों को चिन्हित कर रही हैं और उनसे बकाया बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार मार्च माह बिजली विभाग के लिए राजस्व वसूली का महत्वपूर्ण समय होता है।

ऐसे में मुख्यालय से स्पष्ट निर्देश मिला है कि लंबित बिजली बिल की वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाए। कई उपभोक्ता लंबे समय से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा है और व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।हालांकि विभाग ने उपभोक्ताओं को राहत देने की भी व्यवस्था की है। अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को एकमुश्त बकाया राशि जमा करने में परेशानी है, वे किस्तों में भी भुगतान कर सकते हैं। उपभोक्ता चाहें तो आधी-आधी राशि जमा कर अपने बकाया बिल का निपटारा कर सकते हैं।विभाग का मुख्य उद्देश्य बकाया राशि की वसूली करना है, ताकि राजस्व की स्थिति मजबूत हो सके।

सहायक विद्युत अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा लागू 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ केवल नई खपत पर लागू होता है। जिन उपभोक्ताओं के ऊपर योजना लागू होने से पहले का बिल बकाया है, उन्हें वह राशि जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग की कार्रवाई पुराने बकाया को लेकर ही की जा रही है।विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कनेक्शन काटे जाने के बाद भी कहीं अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाया गया तो संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय रहते अपना बिजली बिल जमा कर दें, ताकि कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।