नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जीविका दीदियों ने लिया संकल्प

नशामुक्ति सप्ताह अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय प्रखंड में जीविका द्वारा संचालित तीनों संकुल स्तरीय संघों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना था।

नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जीविका दीदियों ने लिया संकल्प

केटी न्यूज/नावानगर

नशामुक्ति सप्ताह अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय प्रखंड में जीविका द्वारा संचालित तीनों संकुल स्तरीय संघों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना था।इस दौरान जीविका दीदियों ने रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। साथ ही नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन कर सभी प्रतिभागियों ने स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशे की बुराइयों से दूर रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नशे से होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड परियोजना प्रबंधक पप्पू प्रसाद ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां सामाजिक परिवर्तन की सशक्त माध्यम हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से गांव-गांव में नशामुक्ति का संदेश पहुंच रहा है। यदि प्रत्येक दीदी अपने परिवार और समुदाय को जागरूक करने का बीड़ा उठाए, तो समाज से नशे जैसी बुराई को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि जीविका महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में सामुदायिक समन्वयक मधु कुमारी केशरी, प्रेम कुमार, महेश कुमार, गोपाल कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।