अंबेडकर आवासीय विद्यालय में सुविधाओं की समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन व स्वच्छता पर जोर
प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में संचालित मेस व्यवस्था, विद्यार्थियों की पोशाक की धुलाई, पोशाक आपूर्ति तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई से संबंधित कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई।

__ प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि ने मेस संचालन, पोशाक आपूर्ति, धुलाई और परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था को समयबद्ध एवं मानक के अनुरूप सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
प्रभारी जिलाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में संचालित मेस व्यवस्था, विद्यार्थियों की पोशाक की धुलाई, पोशाक आपूर्ति तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई से संबंधित कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्य निष्पादन से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सभी मूलभूत सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मेस संचालन की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेनू के अनुरूप पौष्टिक, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्ध वितरण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर मेस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता का आकलन करने का भी निर्देश दिया।

विद्यार्थियों की पोशाक की धुलाई एवं आपूर्ति की समीक्षा के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी छात्र-छात्राओं को समय पर साफ-सुथरी एवं व्यवस्थित पोशाक उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि धुलाई कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही पोशाक वितरण की प्रक्रिया में भी पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय, शौचालय एवं अन्य सभी परिसरों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए।बैठक के अंत में प्रभारी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को सभी कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

