डीएम सख्त: अधूरे खेल मैदान, सड़क हादसे और अवैध नाव परिचालन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए गए। बैठक में विकास कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम सख्त: अधूरे खेल मैदान, सड़क हादसे और अवैध नाव परिचालन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

__ समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, हीट वेव से बचाव और लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर:

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए गए। बैठक में विकास कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक के दौरान खेल मैदानों के निर्माण की समीक्षा में कई स्थानों पर कार्य अधूरा पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला परियोजना पदाधिकारी मनरेगा से जवाब तलब करते हुए निर्देश दिया कि जहां भी निर्माण कार्य लंबित है, वहां संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अविलंब कार्य पूरा कराया जाए।

सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को जिले के दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही नशीले पदार्थों के सेवन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए सभी थानाध्यक्षों को नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा में बैंकिंग प्रक्रियाओं में देरी पर चिंता जताते हुए वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी बैंकिंग शाखा को सभी बैंकों के साथ समन्वय कर लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से जॉब कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं ज्ञान भारतम मिशन के तहत सर्वे की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए और अनुमंडल पदाधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल और आईसीडीएस विभाग को समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

पशुधन प्रबंधन के तहत कैटल ट्रफ (पशु पेयजल टंकी) और शेड की स्थिति की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश अनुमंडल पदाधिकारियों को दिए गए। वहीं सिमरी प्रखंड में सड़क चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।अवैध नाव परिचालन को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नाव चालकों के साथ बैठक कर सभी नावों का निबंधन कराने और सुरक्षा उपकरणों, विशेषकर लाइफ जैकेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर ईवीएम वेयरहाउस के पास की सड़क की मरम्मत और नालों की सफाई का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। इसके अलावा जनता दरबार और अन्य माध्यमों से 30 अप्रैल तक प्राप्त सभी आवेदनों का जुलाई तक शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को तय समयसीमा में परिणाम देने होंगे।