बक्सर में दो नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 21 कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से आगामी दो नवंबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

__ नौकरी मेले में 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती की संभावना, 10वीं से स्नातक तक के युवाओं को मिलेगा मौका; सुबह 10 बजे से शुरू होगा आयोजन
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से आगामी दो नवंबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि रोजगार मेला सुबह 10 बजे से संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर, बक्सर में आयोजित होगा। मेले में कुल 21 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है, जिनके माध्यम से तकनीकी, गैर-तकनीकी, सुरक्षा, बीमा, डाटा एंट्री, टेलीसेल्स, मशीन ऑपरेटर और डिलीवरी सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

जारी संभावित सूची के अनुसार, कंपनियों में अलग-अलग पदों पर सैकड़ों रिक्तियां हैं। महादेव हनुमत विजय प्लेसमेंट सर्विस में 900, फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट में 500 और एसआईएस लिमिटेड में 350 पदों पर भर्ती का उल्लेख है। इसके अलावा एबी इन्फो सर्विसेज, प्रैक्टिक सॉल्यूशन सर्विसेज, न्यू भारत फर्टिलाइजर, नेशनल इंश्योरेंस, एलआईसी इंडिया समेत कई कंपनियां भी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शामिल होंगी। पदों के अनुसार वेतनमान 11,500 रुपये से लेकर 35,000 रुपये तक बताया गया है। कुछ पदों पर वेतन साक्षात्कार के आधार पर निर्धारित होगा।

__ ऑनलाइन निबंधन अनिवार्य
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य है। इसके लिए अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। मेले में भी निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक निर्धारित की गई है। आयु सीमा भी अलग-अलग पदों के लिए निर्धारित है।उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की कि वे रोजगार मेले में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाएं। जिन युवाओं को तत्काल नौकरी नहीं चाहिए, वे भी मेले में पहुंचकर जिला उद्योग केंद्र, जीविका और डीआरसीसी सहित विभिन्न संस्थानों की ओर से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


