जेएनवी नावानगर में एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आगाज
जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), नावानगर में 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के तत्वावधान में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-19 का शुभारंभ 28 अक्टूबर को हुआ। छह नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में बक्सर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं।

__ एटीसी-19 में कैडेट्स ने सीखी ड्रिल और टेंट पिचिंग की बारीकियां, दस दिनों तक मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण
केटी न्यूज/नावानगर।
जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), नावानगर में 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के तत्वावधान में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-19 का शुभारंभ 28 अक्टूबर को हुआ। छह नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में बक्सर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के पहले दिन कैडेट्स को ड्रिल और टेंट पिचिंग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही शारीरिक प्रशिक्षण एवं सामूहिक गतिविधियों के जरिए उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत बेलवाल के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में शिविर की गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, समयबद्धता, सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने प्रशिक्षण की सभी गतिविधियों में पूरे उत्साह, लगन और सकारात्मक सोच के साथ भाग लेने की अपील की। शिविर का संचालन सूबेदार मेजर भास्कर सहित सैन्य प्रशिक्षकों एवं सहयोगी कर्मियों की देखरेख में किया जा रहा है।शिविर में कैडेट्स को बी एवं सी प्रमाणपत्र परीक्षाओं की तैयारी के साथ सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। आगामी दिनों में मैप रीडिंग, वेपंस ट्रेनिंग, सोशल वर्क और साइबर क्राइम से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ उन्हें जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और अनुशासित नागरिक बनाना है।

डुमरांव राज हाई स्कूल के एनसीसी पदाधिकारी डॉ. संजय रंजन सिंह ने बताया कि दस दिवसीय शिविर में कैडेट्स को सैन्य विज्ञान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल प्रमाणपत्र दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। एनसीसी कैडेट्स को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सहयोग करने तथा राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तैयार किया जाता है।शिविर में लेफ्टिनेंट (डॉ.) अमृता सिंह, एसएम कॉलेज डुमरांव; लेफ्टिनेंट (डॉ.) राम तीरथ, सिमरी; लेफ्टिनेंट (डॉ.) मझरूल हक अंसारी, वीकेएस कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, डुमरांव; एफ/ओ संजय सिन्हा, राज स्कूल डुमरांव तथा एस/ओ अनिल पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक कैडेट्स के मार्गदर्शन में जुटे हैं।एकता और अनुशासन के संकल्प के साथ शुरू हुआ यह शिविर युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


