राजपुर के स्कूलों में होगा शिक्षक संतुलन, छात्र संख्या के आधार पर तैयार होगी नई तैनाती योजना

प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में सभी प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व बीआरपी विनोद पाण्डेय ने की।

राजपुर के स्कूलों में होगा शिक्षक संतुलन, छात्र संख्या के आधार पर तैयार होगी नई तैनाती योजना

 केटी न्यूज/राजपुर। 

प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में सभी प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व बीआरपी विनोद पाण्डेय ने की।बैठक में सभी विद्यालयों से छात्रों और कार्यरत शिक्षकों की अद्यतन संख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक विद्यालय में छात्र-शिक्षक अनुपात की समीक्षा की जाएगी। जिन विद्यालयों में आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहां से अतिरिक्त शिक्षकों का युक्तिकरण करते हुए उन्हें उन विद्यालयों में भेजा जाएगा, जहां शिक्षकों की कमी है।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस प्रक्रिया से संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और दूरदराज के विद्यालयों में भी पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध हो सकेंगे। इससे सभी स्कूलों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का वातावरण विकसित करने में मदद मिलेगी। विभाग का यह कदम शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और संतुलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बैठक में शिक्षक मिथिलेश ठाकुर, शिक्षिका उषा मिश्र, अशोक कुमार, धनंजय मिश्र, डाटा ऑपरेटर प्रकाश कुमार, आदित्य कुमार समेत प्रखंड के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षा विभाग के कई कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय के भीतर सही एवं अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि युक्तिकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सके।