नो एंट्री में घुसने वाले ट्रकों पर पुलिस का हंटर, एक घंटे में 32 चालान

डुमरांव शहर में रविवार की शाम पुलिस ने वह कदम उठा दिया जिसकी मांग स्थानीय लोग पिछले कई महीनों से कर रहे थे। शहर की भीड़भाड़ और लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या के बीच नो एंट्री नियमों को नजरअंदाज कर ट्रकों का मनमाना प्रवेश बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ था। इसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने विशेष अभियान चलाया, जिसकी तीखी गूंज पूरे परिवहन जगत में सुनाई दी।

नो एंट्री में घुसने वाले ट्रकों पर पुलिस का हंटर, एक घंटे में 32 चालान

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव शहर में रविवार की शाम पुलिस ने वह कदम उठा दिया जिसकी मांग स्थानीय लोग पिछले कई महीनों से कर रहे थे। शहर की भीड़भाड़ और लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या के बीच नो एंट्री नियमों को नजरअंदाज कर ट्रकों का मनमाना प्रवेश बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ था। इसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने विशेष अभियान चलाया, जिसकी तीखी गूंज पूरे परिवहन जगत में सुनाई दी।

पुलिस की कार्रवाई अचानक शुरू हुई। एनएच-120 पर पुलिस की कई टीमें तैनात की गई थीं। शाम के समय जैसे ही भारी वाहन शहर की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें एक-एक कर रोकना शुरू कर दिया। मात्र कुछ ही देर में पुलिस ने 32 ट्रकों को नो एंट्री उल्लंघन में पकड़ा और मौके पर ही चालान काटते हुए कुल एक लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूल लिया।

अभियान इतना सख्त था कि कई चालक दूर से पुलिस की गाड़ी देखते ही स्टेयरिंग घुमाकर रास्ता बदलने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे कोई बच नहीं पाया। पुलिस ने ऐसे चालकों को भी पकड़ा जो प्रतिबंधित समय में चोरी-छिपे शहर में घुसने की कोशिश कर रहे थे।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को राहत की सांस के रूप में देखा। उनका कहना है कि शाम के समय भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति पैदा हो जाती थी। दुकानदारों से लेकर राहगीरों तक, सभी को इससे काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई बार तो हादसों की संभावना भी बनी रहती थी।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने साफ कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना पुलिस की पहली प्राथमिकता है, और इस प्रकार के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में कार्रवाई और भी सख्त होगी। जो भी चालक निर्धारित समय के विपरीत शहर में प्रवेश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।