__ घाटों पर बैरिकेडिंग से लेकर सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी तक की होगी व्यवस्था, व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और बोट क्लिनिक की भी होगी सुविधा

केटी न्यूज/बक्सर।
छठ महापर्व को लेकर बक्सर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने गंगा नदी में नाव के माध्यम से बक्सर नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसपी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी छठ घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।

गंगा नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने तथा अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां लाल झंडे लगाने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु खतरनाक स्थानों से दूर रहें। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ माइकिंग की सुविधा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। विशेष रूप से घाटों के किनारे ऐसी प्रकाश व्यवस्था करने पर जोर दिया गया, जिससे नदी के पानी में भी पर्याप्त रोशनी बनी रहे और किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।अधिकारियों ने घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय एवं यूरिनल बनवाने का निर्देश दिया। इसके अलावा जरूरत के अनुसार रास्तों की मरम्मत, ड्रॉप गेट लगाने तथा अधिक भीड़भाड़ वाले घाटों पर निर्धारित स्थानों पर वाच टावर स्थापित करने को कहा गया।

नगर क्षेत्र के छठ घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगे हाई मास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि पर्व के दौरान रोशनी की समस्या नहीं हो।सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन कैमरों से निगरानी करने तथा अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर भी बल दिया।वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सिविल सर्जन को छठ घाटों पर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने तथा बोट क्लिनिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर को पर्व के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सहित आवश्यक प्रशासनिक इंतजाम करने को कहा गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, व्रतियों की सुरक्षा और घाटों की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने और दिए गए निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।