घर में गांजा का भंडार, चिलम और नकदी भी मिली; पुलिस की दबिश से पहले फरार हुआ तस्कर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव में गुरुवार को पुलिस की छापेमारी में कथित गांजा कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक घर की तलाशी के दौरान 656.5 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, 30,890 रुपये नकद और 18 मिट्टी के चिलम बरामद किए। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई में कथित तौर पर गांजा की खरीद-बिक्री करने वाला योगेंद्र साह हाथ नहीं आया।

__ पवनी में छापेमारी के दौरान 656.5 ग्राम गांजा और 30,890 रुपये जब्त, 18 मिट्टी के चिलम भी बरामद; एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज
केटी न्यूज/चौसा।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव में गुरुवार को पुलिस की छापेमारी में कथित गांजा कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक घर की तलाशी के दौरान 656.5 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, 30,890 रुपये नकद और 18 मिट्टी के चिलम बरामद किए। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई में कथित तौर पर गांजा की खरीद-बिक्री करने वाला योगेंद्र साह हाथ नहीं आया। छापेमारी के वक्त वह घर से गायब था। पुलिस ने बरामद सामान जब्त करते हुए उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत के अनुसार, गुरुवार की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पवनी निवासी योगेंद्र साह अपने घर में गांजा छिपाकर रखता है और वहां से इसकी बिक्री भी करता है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोपहर उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को उम्मीद थी कि मौके पर गांजे की खरीद-बिक्री से जुड़े साक्ष्य मिलेंगे, लेकिन आरोपित पहले ही घर से नदारद था।इसके बाद पुलिस टीम ने घर की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान काले रंग की प्लास्टिक में टेप से लपेटकर रखा गया 599.510 ग्राम तथा दूसरी प्लास्टिक में रखा 56.990 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। दोनों का कुल वजन 656.5 ग्राम बताया गया है। इसके साथ ही 18 मिट्टी के चिलम और 30,890 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि योगेंद्र साह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी के बाद गांव में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। अब पुलिस की जांच का अगला केंद्र आरोपित की गिरफ्तारी और कथित गांजा कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाना है।


