__बेरोजगारी और तानाशाही पर सांसद सुधाकर सिंह गरजे, बोले— युवाओं के हक पर डाका डाल रही सरकार
__ जनविरोधी नीतियों और उपेक्षा के खिलाफ गांव से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई’: सोनू राय

केटी न्यूज/केसठ।
ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की लौ जलाने और युवाओं को प्रतियोगी माहौल देने के उद्देश्य से केसठ पंचायत में स्थापित शांति देवी सार्वजनिक पुस्तकालय एवं वाचनाल का बुधवार को भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। कन्या प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह का उद्घाटन बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने फीता काटकर किया, जबकि नवनिर्वाचित एमएलसी सोनू राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सह केसठ पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान ने की। समारोह में केसठ समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, छात्र और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

पुस्तकालय की शुरुआत से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और नौजवानों में जबरदस्त उत्साह और खुशी की लहर देखी गई। चुनाव जीतने के बाद पहली बार केसठ की धरती पर पहुंचे पंचायती राज एमएलसी सोनू राय का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ ऐतिहासिक स्वागत व भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत राजद नेता सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने किया। मंच संचालन के दौरान वक्ताओं ने पंचायत की इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।

__ तानाशाही चरम पर, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही सरकार: सांसद
समारोह को संबोधित करते हुए बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने बेरोजगारी, तानाशाही और मौजूदा शासन व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिए। उन्होंने कहा, आज देश और प्रदेश में युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया गया है। सरकार रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और सवाल पूछने पर तानाशाही रवैया अपनाकर आवाज दबाई जा रही है। जब सत्ता रोजगार के दरवाजे बंद करती है, तो पुस्तकालय ही वह हथियार बनते हैं जहां से युवा अपने हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने की चेतना हासिल करते हैं। केसठ में यह पुस्तकालय केवल किताबों का घर नहीं, बल्कि तानाशाही के खिलाफ बौद्धिक क्रांति का केंद्र बनेगा।

__ पंचायती राज को कमजोर कर रही सरकार: एमएलसी सोनू राय
मुख्य अतिथि एमएलसी सोनू राय ने सरकार की जनविरोधी नीतियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, आज प्रदेश में सरकार पूरी तरह बेलगाम अफसरशाही के भरोसे चल रही है। गांवों के नौजवानों की पढ़ाई, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के लिए सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है। शिक्षा व्यवस्था को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है और ग्रामीण प्रतिभाओं को दबाने की साजिश हो रही है। जब सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है, तब केसठ के ग्रामीणों और मुखिया जी ने यह पुस्तकालय बनाकर सरकार की आंखें खोलने का काम किया है। जनता अब खामोश नहीं बैठेगी, हम गांव से लेकर सदन तक इस गूंगी-बहरी सरकार की नीतियों को बेनकाब करेंगे।

__ बेटियों की तरक्की से ही मजबूत होगा समाज: डॉ. विद्या भारती
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला परिषद सदस्य डॉ. विद्या भारती ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा,किसी भी समाज की तरक्की का पैमाना वहां की महिलाओं की शिक्षा से तय होता है। यह पुस्तकालय ग्रामीण बेटियों के सपनों को नई उड़ान देगा। जब बेटियां शिक्षित होंगी, तभी समाज से रूढ़िवादिता और शोषण का अंत होगा।

__ पुष्प वर्षा कर सांसद व एमएलसी का जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर बक्सर सांसद सुधाकर सिंह एवं नवनिर्वाचित एमएलसी सोनू राय के काफिले के पहुंचते ही ग्रामीणों और युवाओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। केसठ की सीमा से लेकर सभा स्थल तक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने दोनों अतिथियों का अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत किया। मुख्य द्वार पर खड़ी जेसीबी से सांसद और एमएलसी पर भारी में पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा नजर आने लगा। ढोल-नगाड़ों की थाप, गाजे-बाजे और गगनभेदी नारों के बीच ग्रामीणों ने दोनों नेताओं को फूल-मालाओं से लाद दिया। चुनाव जीतने के बाद पहली बार केसठ पहुंचे एमएलसी सोनू राय और सांसद सुधाकर सिंह के इस भव्य व शाही स्वागत को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

__हजारों की भीड़ के बीच जुटे कई दिग्गज जनप्रतिनिधि
अध्यक्षता करते हुए मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और गांव के हर वर्ग तक ज्ञान की पहुंच सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ इस पुस्तकालय की नींव रखी गई है।इस अवसर पर नवानगर जिला परिषद सदस्य मुन्ना यादव, चौंगाई जिला परिषद सदस्य बंटी साही, ब्रह्मपुर जिला परिषद सदस्य मुर्तुजा खान, सिकरौल बीडीसी सदस्य प्रतिनिधि पप्पू यादव, छात्र नेता जंगली यादव, विकास, सोनू, संतोष मुखिया, शारदा यादव, अखिलेश सिंह, विनोद मास्टर, मुकेश, मुन्ना, जितेंद्र पहलवान, लाल बाबू यादव, बदरी सिंह, अंगद यादव, गुड्डू यादव, रूपसागर मुखिया बृजकिशोर, ददन आजाद, कलामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी और हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।