कम लागत में बंपर पैदावार का मंत्र, किसानों को बताए खेती के नए गुर

खेती की लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को चौसा प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन के सभागार में रबी (बासंतिक) महोत्सव का आयोजन किया गया। आत्मा एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, अनुदानित बीज, कृषि यंत्रों के उपयोग और फसल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

कम लागत में बंपर पैदावार का मंत्र, किसानों को बताए खेती के नए गुर

__ चौसा के रबी महोत्सव में बीज से लेकर फसल सुरक्षा तक की दी गई जानकारी, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर

केटी न्यूज/चौसा :

खेती की लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को चौसा प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन के सभागार में रबी (बासंतिक) महोत्सव का आयोजन किया गया। आत्मा एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, अनुदानित बीज, कृषि यंत्रों के उपयोग और फसल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से पारंपरिक तरीकों के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने की अपील की, ताकि कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल किया जा सके।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य पूजा देवी, उप प्रमुख मोहित दुबे सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में चना, मसूर, मटर और सरसों जैसी प्रमुख रबी फसलों की खेती के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। किसानों को बताया गया कि कृषि विभाग की योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी राकेश कुमार ने रबी मौसम में फसलों की बुआई और बेहतर उत्पादन के लिए जरूरी जानकारियां साझा कीं। उन्होंने किसानों से अनुदानित बीजों का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाना समय की जरूरत है। इससे खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है।वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रामकेवल कुमार ने फसलों में लगने वाले रोगों और कीटों की पहचान तथा उनसे बचाव के उपाय बताए।

उन्होंने फसल को नुकसान से बचाने के लिए समय पर उचित कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों और उसकी उपयोगिता पर भी चर्चा की गई।कृषि समन्वयक प्रमोद कुमार सिंह ने कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं और आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अमन अहमद ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रावधानों से किसानों को अवगत कराया।महोत्सव में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, बीटीएम, एटीएम समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया गया।