किसान सलाहकारों को मिला नियुक्ति पत्र, कृषि व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
जिले में कृषि क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किसान सलाहकार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला ने की। इस अवसर पर चयनित किसान सलाहकारों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में कृषि क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किसान सलाहकार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला ने की। इस अवसर पर चयनित किसान सलाहकारों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।जिला कृषि विभाग के अंतर्गत बक्सर जिले में किसान सलाहकार के कुल 16 पद रिक्त थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच एवं मूल्यांकन के बाद 13 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किसान सलाहकार पद के लिए किया गया।

जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।इस मौके पर जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि किसान सलाहकार किसानों और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनकी भूमिका किसानों को नवीन कृषि तकनीक, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण, मृदा स्वास्थ्य, सिंचाई एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव-नियुक्त किसान सलाहकार अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन में सुधार लाने में सक्रिय योगदान देंगे।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। चयनित किसान सलाहकारों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद प्रसन्नता व्यक्त की और किसानों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।ज्ञात हो कि किसान सलाहकारों की नियुक्ति से जिले में कृषि विस्तार कार्यों को गति मिलेगी तथा किसानों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ मिले।

