__ खेमपुर में धमाके से दहला गांव, दो लोग घायल; मकान हुआ रहने लायक नहीं, एफआईआर के बाद गैस कंपनी करेगी नुकसान का आकलन
केटी न्यूज/बक्सर :
धनसोई थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव में शुक्रवार की सुबह रसोई गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट ने एक परिवार की जिंदगी संकट में डाल दी। घर की रसोई में गैस रिसाव के बाद लगी आग को देखकर परिवार के लोग जान बचाने के लिए बाहर भागे ही थे कि उनके सामने सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पक्के मकान की दीवार ढह गई और घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 22 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार और 55 वर्षीय रामाकांत राम घायल हो गए। धमाके की आवाज से पूरा गांव सहम उठा।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह रामाकांत राम के घर में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। रसोई से आग की लपटें उठती देख घर में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। अनहोनी की आशंका भांपते हुए सभी लोग किसी तरह घर से बाहर निकल आए। परिवार के सदस्य अभी संभल भी नहीं पाए थे कि उनके सामने सिलेंडर विस्फोट कर गया। धमाके के झटके से मकान की पक्की दीवार गिर गई और घर में भारी तबाही मच गई।

__ ग्रामीणों की तत्परता से अस्पताल पहुंचे घायल
विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे और क्षतिग्रस्त हिस्से से दोनों घायलों को बाहर निकाला तथा उन्हें राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को बक्सर रेफर कर दिया।
__ मुआवजे के लिए एफआईआर जरूरी
धनसोई थानाध्यक्ष ने बताया कि सिलेंडर में गैस रिसाव के बाद आग लगी और परिवार के बाहर निकलते ही विस्फोट हो गया। मकान को इतनी गंभीर क्षति पहुंची है कि अब वह रहने लायक नहीं बचा है। इसकी दोबारा मरम्मत के बजाय नए सिरे से निर्माण कराना पड़ सकता है।वहीं, योगेंद्र नाथ इंडेन गैस एजेंसी, बक्सर के संचालक मृत्युंजय कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित परिवार को संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करानी होगी। इसके बाद गैस कंपनी के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगे। नियमानुसार कंपनी की ओर से मुआवजे का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त सरकारी नियमों के तहत भी सहायता मिलने की संभावना है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।