__ आईईएसएम की बैठक में पूर्व सैनिकों ने प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला, सम्मानित खिलाड़ियों के परिजनों के मुफ्त इलाज की हुई घोषणा
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर की खेल प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। एशियाड गेम्स में तैराकी प्रतियोगिता के दौरान चार स्वर्ण पदक जीतने वाले सपही गांव निवासी कैप्टन विजेंद्र कुमार राय और एशियाड के लिए चयनित जिले के तीन होनहार खिलाड़ियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम), बक्सर की ओर से मां मुंडेश्वरी अस्पताल में आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।बैठक की अध्यक्षता संगठन के चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पांडेय और जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।

इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 150 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया।इस दौरान चार स्वर्ण पदक जीतने वाले कैप्टन विजेंद्र कुमार राय को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वहीं, एशियाड गेम्स के लिए चयनित बक्सर के चंदन कुमार, रूपा कुमारी और चांदनी कुमारी को भी अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनकी सफलता से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।इस मौके पर डॉ. मेजर पीके पांडेय ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि कैप्टन विजेंद्र कुमार राय सहित एशियाड के लिए चयनित तीनों खिलाड़ियों के परिवार का कोई भी सदस्य मां मुंडेश्वरी अस्पताल में इलाज कराने आएगा तो उसका निःशुल्क उपचार किया जाएगा।

इस घोषणा का उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।बैठक में पूर्व सैनिकों की पेंशन और उन्हें मिलने वाली अन्य सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी, कैप्टन कन्हैया पंडित और जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आरबी ओझा ने सैनिकों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। वहीं, सूबेदार विद्यासागर चौबे ने साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील करते हुए पूर्व सैनिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के प्रति जागरूक किया।कैप्टन विजेंद्र कुमार राय ने सम्मान के लिए संगठन के प्रति आभार जताया और एशियाड के लिए चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। सम्मानित खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया।

बैठक के दौरान नायब सूबेदार रामचंद्र गुप्ता ने पोती के जन्म की खुशी में सभी सैनिकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की। इस अवसर पर दस सैनिकों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक संपन्न हुई। सभापति कैप्टन बीएन पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।मौके पर सूबेदार मेजर आरबी सिंह, सूबेदार एसके सिंह, नायब सूबेदार अभय सिंह, सुरेंद्र सिंह, सूबेदार रामनाथ सिंह, अशोक उपाध्याय, राजेंद्र चौबे, आईडी सिंह, जनबहादुर सिंह, सचिव हरेंद्र मिश्रा, अलख नारायण श्रीवास्तव, कमलेश्वर राय, द्वारिका पांडेय, भरत मिश्रा, बिनोद तिवारी, हकीम प्रसाद, जैनेन्द्र सिंह, धनंजय दुबे, गोपाल प्रसाद, श्रीराम यादव, बिनोद कुमार मिश्रा तथा वीर नारियां रिंकी देवी, उर्मिला देवी और कलावती देवी सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।