बक्सर के खेल भविष्य को संवारने की पहल, आधुनिक स्टेडियम की उठी मांग
बक्सर की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में अत्याधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग उठी है। जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बिहार सरकार से बक्सर में सभी जरूरी खेल सुविधाओं से लैस एक आधुनिक स्टेडियम बनाने की मांग की है।

__ रवि उज्जवल कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र, अरुण जेटली के नाम पर स्टेडियम बनाने का रखा प्रस्ताव
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में अत्याधुनिक खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग उठी है। जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बिहार सरकार से बक्सर में सभी जरूरी खेल सुविधाओं से लैस एक आधुनिक स्टेडियम बनाने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मांगपत्र सौंपते हुए प्रस्तावित स्टेडियम का नाम “पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली खेल स्टेडियम” रखने का आग्रह किया है।मांगपत्र के माध्यम से उन्होंने कहा है कि बक्सर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिले के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।हालांकि, पर्याप्त खेल मैदान, नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और आधुनिक संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाता है।

उन्होंने कहा कि यदि बक्सर में एक आधुनिक और सुविधासंपन्न खेल स्टेडियम का निर्माण होता है तो इसका सीधा लाभ जिले के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। स्टेडियम में क्रिकेट और फुटबॉल के लिए बेहतर मैदान के साथ एथलेटिक्स ट्रैक, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, चेंजिंग रूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही जिले में खेल का बेहतर माहौल तैयार होगा।रवि उज्जवल कुशवाहा ने मांगपत्र में यह भी उल्लेख किया है कि खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और बक्सर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की दिशा में ठोस आधार विकसित होगा।

उनका कहना है कि आधुनिक खेल परिसर केवल खिलाड़ियों के लिए मैदान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का भी माध्यम बनेगा।उन्होंने मुख्यमंत्री से बक्सर की खेल प्रतिभाओं और युवाओं के व्यापक हित को देखते हुए प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा स्टेडियम निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। प्रस्तावित स्टेडियम के नामकरण को लेकर भी उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली के नाम को उपयुक्त बताते हुए सरकार से इस पर विचार करने की मांग की है।

