__ चारों तरफ चाहरदीवारी, ऊपर कटीले तार, तीन निकास द्वारों पर सीसीटीवी और गार्डों की तैनाती, फिर कैसे बाहर निकलीं भारी-भरकम एल्युमिनियम बीमें? एक साल से चोरी होने के दावे ने खड़े किए कई सवाल
केटी न्यूज/डुमरांव।
निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), डुमरांव से 79 लाख 16 हजार 572 रुपये की एल्युमिनियम एच-बीम समेत अन्य निर्माण सामग्री चोरी होने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन इस मामले में कंपनी की ओर से किए गए दावों ने अब चोरी से ज्यादा उसकी अपनी सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। चारों तरफ ऊंची चाहरदीवारी, उसके ऊपर कटीले तारों का घेरा, तीन निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे और गार्डों की तैनाती के बावजूद लाखों की भारी-भरकम सामग्री परिसर से बाहर कैसे निकल गई? यही सवाल अब पूरे मामले का सबसे अहम पहलू बन गया है।

चाहरदीवारी और कटीले तार के बावजूद चोरी कैसे?
कंपनी के अधिकारियों की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में चोरी की घटनाएं पिछले एक साल से लगातार होने की बात कही गई है। वहीं, निर्माण परिसर की बनावट और सुरक्षा इंतजाम इस दावे पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर चारों तरफ से चाहरदीवारी से घिरा है। दीवार के ऊपर कटीले तारों का घेरा लगाया गया है। ऐसे में यदि चोर भारी-भरकम एल्युमिनियम बीम को दीवार के ऊपर से बाहर ले गए होंगे तो कटीले तारों के टूटने या कटने की संभावना स्वाभाविक है। लेकिन अब तक दीवार के ऊपर लगे तारों के क्षतिग्रस्त होने की कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

__ तीन गेट, सीसीटीवी और गार्ड, फिर भी बेखबर रही सुरक्षा?
निर्माण परिसर से बाहर निकलने के लिए तीन द्वार बनाए गए हैं। सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और गेटों पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। कंपनी सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक शिफ्ट में पांच से छह गार्ड ड्यूटी करते हैं। ऐसे में सवाल है कि यदि एक साल से सिलसिलेवार चोरी हो रही थी तो सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या सामग्री के आवागमन का कोई रजिस्टर या निगरानी व्यवस्था नहीं थी? क्या गेट से निकलने वाले वाहनों और निर्माण सामग्री की नियमित जांच होती थी? आखिर इतनी बड़ी मात्रा में बीमें परिसर से बाहर कैसे पहुंचीं

__ कंपनी की चुप्पी ने बढ़ाया संदेह
इस मामले में कंपनी के अधिकारी मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। इतना ही नहीं, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। एक ओर कंपनी आवेदन में एक साल से चोरी होने का दावा कर रही है, दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था और पूर्व की घटनाओं को लेकर उसकी चुप्पी कई सवाल पैदा कर रही है। हालांकि, इन परिस्थितियों के आधार पर कंपनी के किसी अधिकारी या सुरक्षा कर्मी की संलिप्तता मान लेना उचित नहीं होगा। इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

__ एक साल के सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज!
एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। कंपनी से पिछले एक साल का सीसीटीवी फुटेज मांगा जाएगा, ताकि चोरी की घटनाओं की वास्तविक अवधि, संदिग्ध गतिविधियों और सामग्री के बाहर जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पूर्व में हुई चोरी की शिकायतों और उन पर कार्रवाई नहीं होने के बिंदु की भी पड़ताल की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।

__जनहित से जुड़ी परियोजना, जवाबदेही तय होना जरूरी
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद परियोजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में निर्माण सामग्री की लगातार चोरी से काम की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है। यह परियोजना बक्सर सहित आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़ी है। इसलिए जरूरी है कि पुलिस सिर्फ चोरी गई सामग्री की बरामदगी तक जांच सीमित न रखे, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था, गार्डों की ड्यूटी, सामग्री के स्टॉक और आवागमन के रिकॉर्ड तथा पूर्व की शिकायतों की भी गहराई से जांच करे। आखिर 79 लाख की सामग्री चोरी हुई तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है और एक साल तक कथित तौर पर चल रही चोरी पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।