डीएम ने केक काट मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, आयोजित हुआ समारोह

डीएम ने केक काट मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, आयोजित हुआ समारोह

- समारोह में महिलाओं को किया गया सम्मानित

केटी न्यूज/बक्सर

शुक्रवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बक्सर नगर भवन में महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, स्वच्छता ग्रही, जीविका दीदियों एवं महिला कर्मचारियों के द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन एवं विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद आंगनबाड़ी सेविका, आशा, जीविका की दीदियों, महिला शिक्षिका एवं महिला सफाई कर्मियों के द्वारा डीएम के नेतृत्व में नगर भवन बक्सर में केक काटा गया।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। जिसमें पाटली चौबे (मानो तो मैं गंगा मां हूं) गुरुकुल डांस एकेडमी, सुकृति मिश्रा (शास्त्रीय एवं उप शास्त्रीय गायन), प्रतीक्षा ओझा (होली नृत्य) की मनोरम प्रस्तुति का प्रदर्शन किया। वही इस अवसर पर वक्ताओं के द्वारा महिलाओं को सशक्तिकरण, बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक उत्पीड़न, वन स्टॉप सेंटर एवं अन्य विषयों पर विस्तार से संगोष्ठी किया गया।

जिला पदाधिकारी ने वहां उपस्थित सभी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला अपने कर्तव्य एवं अधिकार के प्रति सजग रहे। महिलाओं के लिए सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी हर क्षेत्र में सशक्त किया जा रहा है। साथ ही वहां उपस्थित हजारों की संख्या में महिलाओं को आगामी आम सभा निर्वाचन 2024 के लिए बढ़ चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित किया और उनको मतदान के महत्व के बारे में भी बताया।

जिला पदाधिकारी बक्सर के द्वारा महिला अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों में बेहतर करने वाली महिलाओं जैसे आंगनबाड़ी सेविका, आशा, जीविका दीदियों, महिला बीएलओ, महिला शिक्षिका महिला स्वच्छता ग्राही एवं महिला कर्मचारी को बेहतर कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरूषों से कंधा से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का योगदान देश व समाज के लिए सराहनीय है।