__ बक्सर में एक दिन में भिड़ेंगी कई टीमों की दावेदारी, चांदी के सिक्के से होगा टॉस; बक्सर से बलिया तक की टीमें लेंगी हिस्सा
केटी न्यूज/बक्सर।
पढ़ाई की प्रतिस्पर्धा के बीच अब क्रिकेट के मैदान पर भी विद्यार्थियों का हुनर और जोश देखने को मिलेगा। युवा प्रतिभाओं को खेल के माध्यम से अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से दत्त क्लासेस की ओर से आगामी 7 नवंबर को दत्त क्लासेस प्रीमियर लीग (डीसीपीएल) का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में बक्सर सहित आसपास के कई जिलों और क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। एक ही दिन में बड़ी संख्या में टीमों के बीच मुकाबले आयोजित किए जाने की तैयारी है, जो इस आयोजन को खास बनाएगा।प्रतियोगिता में बक्सर, सिमरी, बलिया और जगदीशपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह है।

प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए संस्थान की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान चांदी के सिक्के से टॉस कराया जाएगा, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।संस्थान के निदेशक अविनाश दत्त ने बताया कि विद्यार्थियों के विकास को केवल किताबों और परीक्षा तक सीमित नहीं रखा जा सकता। खेलकूद भी उनके व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल के मैदान में विद्यार्थी अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी तालमेल, सहयोग और आत्मविश्वास जैसे गुण सीखते हैं। साथ ही खेल से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा उन्हें पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक और खेल गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करना है। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के साथ ही विद्यार्थी जीवन में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। डीसीपीएल के आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ दूसरे क्षेत्रों के खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।आयोजन के संबंध में चर्चा के दौरान प्रियांशु, बबलू, अभय, डब्ल्यू, दानिश समेत कई छात्र उपस्थित रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।