सिमरी : विदेश से छुट्टी पर घर आए युवक की सड़क हादसे में मौत
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय विकास यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

__विदेश लौटने से पहले काल ने छीना विकास, सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग
केटी न्यूज / सिमरी
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय विकास यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान महरौली गांव निवासी सुदर्शन यादव उर्फ तूफानी यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, विकास कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर विदेश से अपने घर आए थे। चार-पांच दिनों बाद उन्हें दोबारा काम के सिलसिले में विदेश लौटना था। परिवार के लोग उनके वापस जाने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि घर से निकला विकास कभी लौटकर नहीं आएगा।

__रात दस बजे हुआ भीषण हादसा
बताया जाता है कि शनिवार रात करीब दस बजे विकास बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान खरहाटांड़ की ओर से डुमरी जा रही एक पिकअप से महरौली मोड़ के पास उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

__पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
विकास अपने पीछे पत्नी रूनी देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। पति की मौत से पत्नी रूनी देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता किसान हैं। परिवार के सामने अब भविष्य और बच्चों के पालन-पोषण की चिंता भी खड़ी हो गई है।

__पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद महरौली गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


