घर में सोए किशोर की सर्प दंश से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

घर में सोए किशोर की सर्प दंश से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

केटी न्यूज/नावानगर

सिकरौल थाना के बेलाव गांव में सर्प दंश से एक किशोर की मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृत किशोर बेलाव गांव निवासी सिपाही अंसारी का 16 वर्षीय पुत्र महताब अंसारी बताया जाता है। जो विगत रात अपने नव निर्मित घर के कमरे में सोया हुआ था। परिजनों के अनुसार किशोर को गहरी नींद में ही उसे जहरीले सांप ने डस लिया है। हालांकि किशोर को इसका तनिक भी एहसास नहीं हुआ था। जब वह सुबह में सो कर उठा तो उसके आंख के सामने अंधेरा छाने लगा तथा पैर में काफी जलन महसूस होने लगी। जिसकी जानकारी वह परिजनों को दिया। परिजनों ने देखा तो उसके पैर में दो दांत के हल्के निशान दिख रहे थे। जिसके बाद आनन - फानन में घर वाले उसे इलाज के लिए प्रतापसागर ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल बक्सर के लिए रेफर कर दिया। सदर अस्पताल बक्सर पहुंचने पर चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।