ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव में ससुराल आए 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों में चिंता और शोक का माहौल है। शनिवार को युवक का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, मृतक के भाई ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।


__ बाइक से आठ तारीख को पहुंचा था कांट गांव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस; भाई ने उठाई जांच की मांग
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव में ससुराल आए 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों में चिंता और शोक का माहौल है। शनिवार को युवक का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, मृतक के भाई ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।मृतक की पहचान भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलवुपुर गांव निवासी मोहनलाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह सुरेंद्र लाल के पुत्र थे और जगदीशपुर में कपड़े की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार, मोहनलाल आठ अक्टूबर को बाइक से अपने ससुराल कांट गांव पहुंचे थे। इसके दो दिन बाद उनकी मौत की खबर सामने आई।

__ सुबह सात बजे परिजनों को मिली सूचना
मृतक के भाई सुनील कुमार लाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग सकते में आ गए। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की और मौत की परिस्थितियों की जांच कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया।मोहनलाल की शादी करीब नौ वर्ष पहले रिया कुमारी से हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र लगभग सात और पांच वर्ष बताई जा रही है। चार भाइयों में दूसरे नंबर पर रहे मोहनलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

__ पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

