बनारपुर पैक्स चुनाव का बिगुल बजा, 1 सितंबर को वोटिंग के साथ उसी दिन आएगा फैसला

बनारपुर पैक्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होते ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आगामी 1 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतों की गणना कर परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।

बनारपुर पैक्स चुनाव का बिगुल बजा, 1 सितंबर को वोटिंग के साथ उसी दिन आएगा फैसला

__ 3 अगस्त को जारी होगी अधिसूचना, 19-20 अगस्त तक नामांकन; प्रशासन ने शुरू की चुनावी तैयारियां

केटी न्यूज/चौसा

बनारपुर पैक्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होते ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आगामी 1 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतों की गणना कर परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है और मतदाताओं के बीच संपर्क अभियान तेज होने लगा है।प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव की अधिसूचना 3 अगस्त को जारी होगी।

इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 19 एवं 20 अगस्त को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 21 एवं 22 अगस्त को की जाएगी। इस दौरान अभ्यर्थियों की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य औपचारिकताओं का सत्यापन किया जाएगा। वहीं, 25 अगस्त को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन भी किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी।

प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों एवं निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रशासन ने चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों को भी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।