हत्या या सर्पदंश? विवाहिता की मौत के बाद शव के अंतिम संस्कार पर उठा विवाद
बासुदेवा थाना क्षेत्र के अमीपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मामला तूल पकड़ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर पुलिस ने पिता के बयान पर पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

__ मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर लगाया हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप, पांच नामजद; पुलिस जांच में जुटी
केटी न्यूज/नावानगर
बासुदेवा थाना क्षेत्र के अमीपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मामला तूल पकड़ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर पुलिस ने पिता के बयान पर पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार अमीपुर गांव निवासी विनोद सिंह के पुत्र कृष्ण मोहन सिंह की शादी वर्ष 2016 में भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत नोणार गांव निवासी राजेश्वर सिंह की पुत्री गुड़िया देवी से हुई थी। दंपती का एक पुत्र भी है।मृतका के पिता राजेश्वर सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 29 जुलाई को जब बेटी से संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने दामाद से फोन पर बातचीत की।

इस दौरान उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन देर रात अमीपुर पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां पहुंचने पर पता चला कि शव का अंतिम संस्कार पहले ही कर दिया गया है।दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि गुड़िया की मौत सर्पदंश से हुई थी और ग्रामीण परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के देवर कृष्णकांत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

