भुगतान के दबाव में नगर परिषद कर्मी पर हमला, ठेकेदार पर एफआईआर

डुमरांव नगर परिषद कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर परिषद कर्मियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामले को गंभीर मानते हुए नगर परिषद प्रशासन की पहल पर डुमरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

भुगतान के दबाव में नगर परिषद कर्मी पर हमला, ठेकेदार पर एफआईआर

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव नगर परिषद कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर परिषद कर्मियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामले को गंभीर मानते हुए नगर परिषद प्रशासन की पहल पर डुमरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।जानकारी के अनुसार नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत लेखापाल उत्तम कुमार ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि 4 मई 2026 को राजू यादव नामक व्यक्ति कार्यालय पहुंचा और खुद को ठेकेदार बताते हुए लंबित भुगतान तत्काल कराने का दबाव बनाने लगा। लेखापाल द्वारा राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कहे जाने पर आरोपी भड़क उठा और कार्यालय में हंगामा करने लगा।

आरोप है कि आरोपी ने कार्यालय के पदाधिकारियों व कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसने लेखापाल उत्तम कुमार के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनके नाक पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की थी। पुलिस ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी के बयान पर डुमरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना के बाद नगर परिषद कर्मियों ने कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।