यूपी सीमा से बिहार में घुसते ही दो तस्कर गिरफ्तार, शराब की खेप बरामद
बिहार में पूर्ण शराबबंदी को धता बताने वाले शराब तस्करों पर राजपुर पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर राजपुर बाजार के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
केटी न्यूज/राजपुर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी को धता बताने वाले शराब तस्करों पर राजपुर पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर राजपुर बाजार के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार तस्करों की पहचान समहुता गांव निवासी राहुल कुमार, पिता भुनेश्वर राम तथा राजेश कुमार, पिता विनोद चौधरी के रूप में की गई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों तस्कर उत्तर प्रदेश की सीमा से शराब की खेप लेकर बाइक से बिहार में प्रवेश कर रहे थे।

इसी दौरान राजपुर पुलिस को उनकी गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक को रोकने का इशारा किया, तस्करों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली और कुछ ही दूरी पर दोनों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से विभिन्न ब्रांडों की कुल 36 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। शराब के साथ-साथ धंधे में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश से सटे सीमावर्ती इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।उन्होंने यह भी बताया कि चौकीदारों और स्थानीय लोगों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी गांव या सड़क पर संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तुरंत वरीय पदाधिकारी या स्थानीय थाने को सूचना देने का निर्देश दिया गया है। राजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि कानून से खेलने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

