उल्टी लेन की रफ्तार बनी मौत का कारण, लेवाड़ के पास बस-बाइक भिड़ंत में एक की मौत, दो जिंदगी मौत से जूझ रही

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और नियमों की अनदेखी ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दो अन्य युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। करीब तीन बजे हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर उल्टी लेन में दौड़ती बसों पर लगाम कब लगेगी।

उल्टी लेन की रफ्तार बनी मौत का कारण, लेवाड़ के पास बस-बाइक भिड़ंत में एक की मौत, दो जिंदगी मौत से जूझ रही

-- दुर्घटना ग्रस्त बाइक व बस को पुलिस ने लिया अभिरक्षा मेें, लगातार हो रहे हादसों से उठे कई सवाल

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और नियमों की अनदेखी ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दो अन्य युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। करीब तीन बजे हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर उल्टी लेन में दौड़ती बसों पर लगाम कब लगेगी।मृतक की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी अनिल साह के 16 वर्षीय पुत्र छठू साह के रूप में जबकि जख्मियों की शिनाख्त ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी संतोष माली के 18 वर्षीय पुत्र लाला कुमार व गर्जन माली के 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार बस गलत दिशा से आ रही थी। उसी दौरान डुमरी गांव की ओर जा रही एक बाइक सामने से आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, जो अपने आप में यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है। वहीं दूसरी ओर, बस चालक की लापरवाही और उल्टी लेन में तेज गति से वाहन चलाना इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर बसें अक्सर मनमानी रफ्तार और गलत दिशा में दौड़ती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल तथा वहां से रेफर होने के बाद सदर अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले बस को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर एक गंभीर सवाल है, जिसका जवाब अब जिम्मेदारों को देना होगा।