केटी न्यूज /बक्सर।
जिले में अपराधियों के खिलाफ बक्सर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 11 नवंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस दौरान पुलिस ने हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामदगी में एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल और एक देसी कट्टा शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस की ओर से जारी कार्रवाई और उपलब्धि की विवरणी के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान हत्या के प्रयास से जुड़े एक मामले में एक अभियुक्त तथा आर्म्स एक्ट के मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के तहत कुल 14 लोगों की गिरफ्तारी हुई और सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
13 खोखा और 59 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस की बरामदगी सूची में एक दोनाली बंदूक, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 59 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 13 खोखा, एक मैगजीन, एक मिसफायर कारतूस, चार वॉकी-टॉकी और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने एक शस्त्र अनुज्ञप्ति और एक टी-शर्ट भी जब्त की है।
एसपी ने की हथियार और कारतूस बरामदगी की पुष्टि
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने हथियार और कारतूस बरामद किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रेसवार्ता के माध्यम से दी जाएगी। ऐसे में पुलिस की आगामी प्रेसवार्ता में बरामद हथियारों, कारतूसों और गिरफ्तार अभियुक्तों से जुड़े मामलों के संबंध में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा है। अब सभी की नजर पुलिस की प्रेसवार्ता पर टिकी है, जिसमें इस विशेष अभियान से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।