__दो लाइसेंसी हथियार पुलिस को सौंपे, पिस्टल से गोली चलाने की बात कबूली
__ आत्मरक्षा में फायरिंग का किया दावा, तीनों घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज जारी
केटी न्यूज/बक्सर।
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में भाई दूज के दिन हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। चर्चित गोलीकांड के मुख्य आरोपी जयप्रकाश तिवारी उर्फ पुतुल तिवारी ने बुधवार की शाम इटाढ़ी थाने पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इतना ही नहीं, उसने अपने दोनों लाइसेंसी हथियार भी पुलिस को सौंप दिए। इनमें एक पिस्टल और दूसरी दो नाली बंदूक शामिल है। आरोपी के अनुसार, घटना के दौरान गोली पिस्टल से चली थी, जबकि दो नाली बंदूक का इस्तेमाल नहीं हुआ था।

__आत्मरक्षा में गोली चलाने का दावा, दूसरे पक्ष पर लगाया हमला करने का आरोप
पुलिस पूछताछ में पुतुल तिवारी ने चौंकाने वाला दावा किया है। उसका कहना है कि उसने जानबूझकर किसी पर हमला नहीं किया, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए गोली चलानी पड़ी थी। आरोपी के मुताबिक, बुल्लू तिवारी और उनके घर के सदस्यों ने उस पर हमला कर दिया था। इसी दौरान आत्मरक्षा में उसने पिस्टल से फायरिंग की। हालांकि, आरोपी के इस दावे में कितनी सच्चाई है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल कर रही है।

__तीनों घायलों का ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज, बयान लेने पहुंची पुलिस
गोलीबारी की इस घटना में तीन लोग घायल हुए थे। तीनों का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। बुधवार को इटाढ़ी थाना की पुलिस टीम घायलों का बयान दर्ज करने ट्रामा सेंटर पहुंची थी। घटना के दिन बुल्लू तिवारी ने अस्पताल में मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए दो महिलाओं समेत कई लोगों पर गोलीबारी में शामिल होने का आरोप लगाया था। ऐसे में घायलों के बयान पुलिस जांच के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

__एसपी बोले- पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी ने किया समर्पण
एसपी शुभम आर्य ने बताया कि बुधवार को मुख्य आरोपी ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। घटना के बाद पुलिस ने काफी सजगता के साथ कार्रवाई की थी। घटना की रात ही पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया था कि घटना में उनका सीधा हाथ नहीं है और जिस युवक ने गोली चलाई है, उसे पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बुधवार को आरोपी के समर्पण के साथ परिजनों ने अपना आश्वासन पूरा किया।

__पूछताछ जारी, प्राथमिकी के बाद जेल भेजने की होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके दोनों लाइसेंसी हथियार भी जांच के दायरे में हैं। एसपी के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने और घायलों समेत संबंधित लोगों के बयान सामने आने के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। बैरी गांव में हुई इस सनसनीखेज गोलीबारी के बाद अब मुख्य आरोपी के समर्पण से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि आखिर गोलीबारी की शुरुआत किसने की और विवाद ने इतना हिंसक रूप कैसे ले लिया।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।