20 साल पुराने जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, गोलीकांड में पांच नामजद; एक आरोपी सलाखों के पीछे

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में 20 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया। पिछले शुक्रवार की शाम हुई गोलीबारी की घटना में घायल युवक के फर्दबयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

20 साल पुराने जमीन विवाद ने लिया खूनी मोड़, गोलीकांड में पांच नामजद; एक आरोपी सलाखों के पीछे

केटी न्यूज/चौसा

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में 20 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया। पिछले शुक्रवार की शाम हुई गोलीबारी की घटना में घायल युवक के फर्दबयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार चार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार घायल अनूप साह ने अपने बयान में गांव के ही ललन यादव, बबन यादव, मदन यादव, राकेश यादव और सोनू यादव को घटना का आरोपित बनाया है। सभी आरोपी उसके पड़ोसी हैं और लंबे समय से जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है और उस मामले में भी कार्रवाई की गई थी।अनूप साह ने पुलिस को बताया कि वह सिकंदराबाद में काम करता है और घटना से दो दिन पहले ही गांव लौटा था। शुक्रवार की शाम घर के पास पहुंचते ही आरोपितों ने उसे घेर लिया और गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अनूप को पुलिस की सहायता से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति अब पहले से बेहतर है।

मुफस्सिल थाना के एसआई अवधेश कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित ललन यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी फरार आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।