धरहरा बाजार में पुलिस की सख्ती, हथियार के साथ दो दबोचे, शराब तस्करों को निशाना बनाने वाले गिरोह का खुलासा

कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर एक कथित लूट गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवक उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले तस्करों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

धरहरा बाजार में पुलिस की सख्ती, हथियार के साथ दो दबोचे, शराब तस्करों को निशाना बनाने वाले गिरोह का खुलासा

__ देसी कट्टा, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद, पूछताछ में यूपी से आने वाले शराब तस्करों से लूटपाट करने वाले नेटवर्क से जुड़े होने के मिले संकेत

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर एक कथित लूट गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवक उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले तस्करों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम धरहरा बाजार स्थित एक चाय दुकान पर दो युवकों की गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं। लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद होने पर दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के देमलपुर निवासी चंदन यादव तथा नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर निवासी लवकुश तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से बरामद दो बाइक और चार मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी नैनीजोर बांध के समीप उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आने वाले तस्करों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, उनकी कार्यशैली और अब तक की संभावित घटनाओं की पड़ताल कर रही है। साथ ही दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ ने बताया कि बरामद देसी कट्टा को जब्त कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते सूचना देने और पुलिस की सक्रियता से संभावित बड़ी वारदात टल गई। बाजार क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने की भी मांग की गई है।