15 अगस्त तक लंबित आपदा मुआवजा भुगतान शून्य करने का डीएम का निर्देश

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सहयोग शिविर, साइबर मंगलवार, आपदा प्रबंधन तथा पंचायत विकास दिवस सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।

15 अगस्त तक लंबित आपदा मुआवजा भुगतान शून्य करने का डीएम का निर्देश

__ सहयोग शिविर में साइबर सुरक्षा जागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन और पंचायत विकास दिवस की तैयारियों की हुई समीक्षा

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सहयोग शिविर, साइबर मंगलवार, आपदा प्रबंधन तथा पंचायत विकास दिवस सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (बक्सर एवं डुमरांव) को प्रत्येक साइबर मंगलवार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लगने वाले सहयोग शिविरों में साइबर सुरक्षा के लिए अलग काउंटर बनाया जाए, जहां फ्लैक्स, बैनर और जागरूकता संबंधी पंपलेट उपलब्ध रहें।

शिविर में आने वाले लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाए।भूमि विवादों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए डीएम ने सभी राजस्व कर्मचारियों, अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को सहयोग शिविरों में ऐसे मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करने का निर्देश दिया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर और डुमरांव को अपने स्तर से नियमित समीक्षा कर भूमि विवादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और गलत जमाबंदी के मामलों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों, थानाध्यक्षों, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं, अनुमंडल पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद संबंधी बैठकों में राजस्व कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए।

ताकि अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में अनुग्रह अनुदान के 140 मामलों का भुगतान लंबित पाया गया।इस पर जिलाधिकारी ने 15 अगस्त तक सभी लंबित मुआवजा भुगतान शत-प्रतिशत पूरा कर लंबित मामलों की संख्या शून्य करने का निर्देश दिया। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्रों का लंबित कार्य भी इसी अवधि में पूरा करने के आदेश दिए।बैठक में बक्सर-कोइलवर तटबंध की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल तथा संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर शनिवार तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।इसके अलावा माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।