21 जुलाई को पंचायतों में लगेगा प्रशासन का सहयोग शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी शिकायतें, तत्काल होगा समाधान

आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 21 जुलाई को जिले की विभिन्न पंचायतों में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों की शिकायतों तथा आवेदनों का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

21 जुलाई को पंचायतों में लगेगा प्रशासन का सहयोग शिविर, मौके पर सुनी जाएंगी शिकायतें, तत्काल होगा समाधान

__ जिले की 23 पंचायतों में दो पालियों में होगा आयोजन, सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद; पेयजल, शौचालय व बैठने की रहेगी व्यवस्था

केटी न्यूज/बक्सर

आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 21 जुलाई को जिले की विभिन्न पंचायतों में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों की शिकायतों तथा आवेदनों का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार सहयोग शिविर दो पालियों में आयोजित होंगे। पहली पाली पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक चलेगी। इस दौरान नावानगर प्रखंड की सोनवर्षा एवं परमानपुर, डुमरांव की कनझरुआ, इटाढ़ी की हरपुर-जयपुर, चौगाई की नचाप, राजपुर की उत्तरी नेनुआ एवं तियरा तथा सिमरी की पड़री एवं राजपुर पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।

दूसरी पाली अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। इसमें बक्सर प्रखंड की करहंसी एवं करमपुर, इटाढ़ी की नारायणपुर, राजपुर की हेठुआ एवं हरपुर, डुमरांव की मठिला, सिमरी की गंगौली एवं खरहाटाड़, ब्रह्मपुर की गहौना एवं बैरिया तथा नावानगर की कड़सर एवं बरांव पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बिजली, पेयजल, आपूर्ति, पंचायती राज, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन, शिकायत या आवश्यक दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंच सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों को निर्धारित समय सीमा में निष्पादित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि शिविर स्थलों पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शीतल पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपनी संबंधित पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दें और इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।