खबर का असर: यादव मोड़ पर सड़क की भराई के साथ नाला निर्माण की कवायद तेज
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर यादव मोड़ स्थित पशु मेला के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। सड़क पर बारिश का पानी जमा होने और इसके कारण राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही परेशानी को लेकर केशव टाइम्स में प्रकाशित खबर के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।

केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर यादव मोड़ स्थित पशु मेला के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। सड़क पर बारिश का पानी जमा होने और इसके कारण राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही परेशानी को लेकर केशव टाइम्स में प्रकाशित खबर के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभागीय स्तर पर स्थल का निरीक्षण करने के बाद सड़क की भराई और जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।बताया जाता है कि पशु मेला के समीप सड़क का एक हिस्सा अपेक्षाकृत नीचा होने के कारण बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता था। वहीं, सड़क किनारे बनी नालियों में कई स्थानों पर जलनिकासी बाधित रहने से समस्या और गंभीर हो जाती थी।

लगातार पानी जमा रहने के कारण सड़क की सतह भी क्षतिग्रस्त हो गई थी और कई जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए थे। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता था।इस कारण दोपहिया वाहनों के चालकों को विशेष परेशानी होती थी। कई बार वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो जाते थे। इसके अलावा सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से गुजरने वाले वाहनों से राहगीरों के कपड़े खराब होने की शिकायत भी लगातार सामने आती रही थी।

अब विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। प्रारंभिक स्तर पर ईंट के टुकड़ों से सड़क के गड्ढों की भराई कराई जा रही है। साथ ही पानी की निकासी सुचारु करने के लिए नाला निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई शुरू होने पर राहत जताते हुए विभाग के साथ समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए केशव टाइम्स के प्रति भी आभार व्यक्त किया है।

