22 साल बाद लौटा ‘दीपक’, साधु वेश में घर पहुंचा तो गांव रह गया दंग

धनसोई बाजार मंगलवार को एक ऐसी घटना का गवाह बना, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। करीब 22 वर्ष पहले घर छोड़कर लापता हुआ युवक अचानक साधु वेश में अपने गांव लौट आया। वर्षों से जिसे परिवार और गांव वाले मृत मान चुके थे, वही युवक भिक्षाटन करते हुए अपने पुराने घर के दरवाजे पर पहुंच गया।

22 साल बाद लौटा ‘दीपक’, साधु वेश में घर पहुंचा तो गांव रह गया दंग

__ धनसोई बाजार में भिक्षा मांगते पहुंचे युवक को पहचानते ही उमड़ी भीड़, परिवार ने माना चमत्कार जैसा पुनर्मिलन

केटी न्यूज/बक्सर

धनसोई बाजार मंगलवार को एक ऐसी घटना का गवाह बना, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। करीब 22 वर्ष पहले घर छोड़कर लापता हुआ युवक अचानक साधु वेश में अपने गांव लौट आया। वर्षों से जिसे परिवार और गांव वाले मृत मान चुके थे, वही युवक भिक्षाटन करते हुए अपने पुराने घर के दरवाजे पर पहुंच गया।बताया जाता है कि रतिपाल शर्मा का पुत्र लखन शर्मा उर्फ दीपक शर्मा करीब दो दशक पहले अचानक घर से चला गया था। शुरुआती वर्षों में परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर धीरे-धीरे उम्मीद टूट गई। समय के साथ परिवार ने भी उसे मृत मान लिया और जीवन अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ने लगा।

मंगलवार को गांव में उस समय हलचल मच गई, जब एक साधु धनसोई बाजार और आसपास के घरों में भिक्षा मांगते दिखाई दिया। साधु की आवाज और बातचीत का अंदाज कुछ लोगों को परिचित लगा। जब उसने गांव के कई बुजुर्गों और पुराने साथियों को नाम लेकर पुकारना शुरू किया तथा बचपन की घटनाओं का जिक्र किया, तब लोगों को एहसास हुआ कि यह कोई और नहीं बल्कि वर्षों पहले लापता हुआ दीपक है।साधु वेश में लौटे दीपक का बदला हुआ रूप देखकर पहले तो परिवार के लोग भी उन्हें पहचान नहीं सके।

हालांकि बातचीत के दौरान उन्होंने परिवार से जुड़ी कई ऐसी बातें बताईं, जिन्हें सुनकर सभी भावुक हो उठे। घर में अचानक खुशी और आश्चर्य का माहौल बन गया।घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने पहुंचने लगे। कोई इसे आध्यात्मिक परिवर्तन की कहानी बता रहा है तो कोई इसे नियति का अद्भुत खेल मान रहा है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा दृश्य पहली बार देखा है।फिलहाल दीपक के अचानक लौटने की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है और लोग इस अनोखी वापसी को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।