सावन के पहले दिन जंगली शिव मंदिर में युवाओं का श्रमदान, स्वच्छ परिसर से दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

पवित्र सावन माह के आगमन के साथ ही नगर के युवाओं ने आस्था और सामाजिक दायित्व का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। डुमरांव स्थित ऐतिहासिक जंगली शिव मंदिर परिसर में गुरुवार को युवाओं ने श्रमदान कर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।

सावन के पहले दिन जंगली शिव मंदिर में युवाओं का श्रमदान, स्वच्छ परिसर से दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

__ ब्रांड एम्बेसडर अजय राय के नेतृत्व में चला स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर को साफ रखने की अपील

केटी न्यूज/डुमरांव

पवित्र सावन माह के आगमन के साथ ही नगर के युवाओं ने आस्था और सामाजिक दायित्व का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। डुमरांव स्थित ऐतिहासिक जंगली शिव मंदिर परिसर में गुरुवार को युवाओं ने श्रमदान कर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। मंदिर परिसर और उसके आसपास फैले कचरे की सफाई कर युवाओं ने श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण तैयार किया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के ब्रांड एम्बेसडर अजय राय के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में युवाओं ने झाड़ू लगाकर मंदिर परिसर की सफाई की और आसपास बिखरे कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया।

अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना भी था।अजय राय ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र महीना माना जाता है। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा के बाद फूल-माला, प्लास्टिक और अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा मंदिर की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें।कार्यक्रम का संचालन कर रहे युवा समाजसेवी अभिषेक रंजन ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवन की नियमित आदत होनी चाहिए।

यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के साथ-साथ सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदारी निभाए, तो समाज में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण स्वतः हो जाएगा।अभियान के समापन पर सभी युवाओं ने समय-समय पर ऐसे स्वच्छता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संटू मित्रा, राहुल सूर्यवंशी, शुभम राय सहित कई युवा सक्रिय रूप से मौजूद रहे। युवाओं की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे सावन की सकारात्मक और प्रेरणादायी शुरुआत बताया।