श्रमिकों तक हर हाल में पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, प्रचार-प्रसार तेज करने का निर्देश
समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

केटी न्यूज/बक्सर
समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। तथा अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।बैठक में बिहार प्रवासी दुर्घटना योजना, बिहार शताब्दी सामाजिक सुरक्षा योजना, बाल श्रम उन्मूलन कार्यक्रम तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र श्रमिक इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पंचायत स्तर से लेकर गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाकर श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पंजीकरण कराकर इनका लाभ उठा सकें। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि जिले में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।

